जयपुर , जून 22 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पांचना बांध विवाद को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर पलटवार करते हुए इसके लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहराया और कहा है कि उनके मुख्यमंत्री रहते इस विवाद का समाधान क्यों नहीं किया गया।

श्री राठौड़ ने सोमवार को अपने बयान में कहा कि जो लोग आज इस विषय पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि उनके शासनकाल के दौरान उन्होंने इस लंबे समय से लंबित विवाद के समाधान के लिए कौन से ठोस कदम उठाये। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पांचना बांध से जुड़े मुद्दे का समाधान नहीं किया गया। वर्षों तक लंबित रहे इस विवाद के प्रति सरकार की उदासीनता के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिनके पास समाधान का अवसर था, उन्होंने उस दिशा में कोई प्रभावी पहल नहीं की और आज राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है।

श्री राठौड़ ने कहा कि श्री गहलोत ने मुख्यमंत्री रहते इसका समाधान क्यों नहीं किया, आज वह किस मुंह से आरोप लगा रहे है, जिन्होंने स्वयं ने कुछ नहीं किया, वह दूसरों पर आरोप लगा रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा की भजनलाल सरकार इस विषय को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में सक्रियता से कार्य कर रही है। राज्य सरकार संबंधित पक्षों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर रही है तथा सहमति और प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से इस विवाद का स्थाई एवं न्यायसंगत समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील और जनहित से जुड़े मामलों में राजनीतिक बयानबाजी के बजाय समाधान-केंद्रित प्रयासों की आवश्यकता है। भाजपा सरकार जनता के हितों को सर्वोपरि मानते हुए पांचना बांध विवाद का स्थाई समाधान सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

श्री राठौड़ ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में लंबित रहे मामलों पर आज केवल सवाल उठाना उचित नहीं है। जनता जानना चाहती है कि वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस सरकार ने इस महत्वपूर्ण मुद्दे के समाधान के लिए क्या किया। वर्तमान सरकार जवाबदेही, पारदर्शिता और जनहित के साथ आगे बढ़ते हुए इस विवाद का सकारात्मक समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित