पिथौरागढ़ , जुलाई 13 -- उत्तराखंड की पिथौरागढ़ पुलिस ने स्मैक तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ों तक स्मैक की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी को ऊधमसिंह नगर से गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी का नाम 2025 में स्मैक तस्करी से जुड़े मामले में सामने आया था। बताया जा रहा है कि नवंबर 2025 में एसओजी पिथौरागढ़ ने 23.84 ग्राम स्मैक के साथ दो महिला और दो पुरुष तस्करों को गिरफ्तार किया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क की जानकारी मिली। विवेचना में मुख्य सपलायर के रूप में अंग्रेज सिंह निवासी सलमाता, नानकमत्ता (ऊधमसिंह नगर) का नाम सामने आया।
कोतवाली पिथौरागढ़ के प्रभारी निरीक्षक ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस सेल की सहायता से कार्रवाई करते हुए आरोपी को सोमवार को सलमाता क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 की बढ़ोतरी की गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ ऊधमसिंह नगर जिले के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे पहले से दर्ज हैं। मामले की विवेचना जारी है और नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित