भिवानी , जून 27 -- हरियाणा के भिवानी के गांव पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध महाभारतकालीन पहाड़ी माता मंदिर से जुड़े कथित चोरी प्रकरण की जांच तेज कर दी गई है। मंदिर के पूर्व कर्मचारी के घर से बरामद 13 तोले सोना और करीब डेढ़ किलो चांदी के मामले में प्रशासन ने अगले सप्ताह तक कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि उपायुक्त द्वारा गठित समिति मामले की जांच कर रही है। बरामद सोना-चांदी के स्रोत की जांच की जा रही है। यदि वैध स्रोत साबित नहीं होता, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और ज्वैलर्स द्वारा जारी बिलों की भी जांच हो रही है। प्रशासन ने दो ज्वैलर्स से पूछताछ की है, जबकि बिलों की सत्यता की जांच जीएसटी विभाग से भी कराई जा रही है।

शिकायतकर्ता नरेश पहाड़ी ने आरोप लगाया कि पूर्व कर्मचारी और ज्वैलर्स पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें 30 जून को दोबारा पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।

श्री करवा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मंदिर की व्यवस्था और श्रद्धालुओं की आस्था की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। फिलहाल लोहारू के तहसीलदार मंदिर के रिसीवर के रूप में इसकी देखरेख कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित