भरतपुर , अगस्त 14 -- राजस्थान में धौलपुर जिले के तसीमो में 11 अगस्त को एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक नाबालिग को निरुद्ध किया है।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शुक्रवार को बताया कि सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित तमाम मंचों पर रील बनाने के शौक और व्यूज एवं कमेंट बटोरने के चक्कर में एक नाबालिग ने सौरभ कुशवाह को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।

उन्होंने बताया कि मृतक सौरव एवं उसके नाबालिग 15 वर्षीय दोस्त के बीच इसी बात को लेकर तनाव व्याप्त था। दोनों दोस्त अच्छा कंटेंट बनाने के लिए अलग अलग स्थानों का चयन करते थे। दोनों ही अधिकतर रील के वीडियो घटना स्थल पर ही शूट करते थे।

गत 11 अगस्त को मृतक के घर से थोड़ी दूर खंडहरनुमा मकान की चारदीवारी पर पहले रील बनाने को लेकर विवाद हुआ जो इतना बढ़ गया कि नाबालिग दोस्त ने अवैध हथियार से गोली मारकर सौरभ की हत्या कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित