नागपुर , जुलाई 29 -- महाराष्ट्र के नागपुर में एक अनोखी घटना में मंदिर में चोरी करने आए चोरों ने पहले तो भगवान की मूर्ति के सामने हाथ जोड़कर क्षमा मांगी और उसके बाद वहां रखी दान पेटी के ताले तोड़ कर नगदी चुरा कर ले गए। यह पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी।
पुलिस के अनुसार, मंदिर के देखभालकर्ता जितेंद्र पांडे 27 जुलाई की शाम को मंदिर का ताला लगाकर गए थे। अगली सुबह जब वे लौटे, तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। मंदिर के भीतर जाने पर उन्होंने देखा कि दोनों मंदिरों की दान पेटियों के ताले टूटे पड़े थे और उनमें रखी पूरी नकदी गायब थी।
यह चोरी लकड़गंज पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले मालधक्का इलाके में स्थित शीतला माता मंदिर और उससे सटे शिव मंदिर में हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित