वाराणसी , सितंबर 09 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि काशी में 70 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को नया स्वरूप दिया गया है। आज काशी नई आभा और नई काया के साथ पूरी दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। जबकि पहले ये केन्द्र जर्जर अवस्था में थे।

श्री योगी ने बुधवार को यहां कहा कि काशी सनातन की आध्यात्मिक राजधानी है और दुनिया के सबसे लोकप्रिय राजनेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कर्म साधना की भूमि भी है। प्रधानमंत्री ने अपने विजन से काशी की पुरातन पहचान को सुरक्षित रखते हुए उसे नए कलेवर में नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि काशी में 70 हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्रों को नया स्वरूप दिया गया है। आज काशी नई आभा और नई काया के साथ पूरी दुनिया को अपनी ओर आकर्षित कर रही है।

उन्होंने कहा कि पहले आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर स्थिति में रहते थे और वहां गंदगी होती थी। वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें इस संबंध में शिकायतें मिलती थीं। उन्होंने कहा, ''पता चला कि केंद्रों में जो पोषाहार जा रहा था, उसकी आपूर्ति उत्तर प्रदेश का एक शराब माफिया कर रहा था। यह सुनकर मैं खुद भौचक रह गया था।''मुख्यमंत्री ने कहा कि पोषाहार की गुणवत्ता की जांच कराई गई तो कई सवाल खड़े हुए। उन्होंने बताया कि हर महीने पोषाहार भेजे जाने की बात कही जाती थी, लेकिन जांच में पता चला कि तीन महीने में एकाध बार ही इसकी आपूर्ति होती थी।

उन्होंने कहा कि पहले बच्चे आंगनबाड़ी केंद्रों में अपना टाट लेकर जाते थे। वहां न पेयजल की व्यवस्था थी और न ही शौचालय की। गलती कोई और करता था लेकिन उसकी गाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को खानी पड़ती थी।

श्री योगी ने कहा कि लखनऊ में बैठे लोग गलतियां करते थे और उसका खामियाजा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भुगतना पड़ता था। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक उनके मानदेय में भी वृद्धि नहीं की गई। कार्यकत्रियों को मात्र तीन हजार रुपये और सहायिकाओं को 1,500 रुपये मानदेय मिलता था।

उन्होंने कहा कि अब आंगनबाड़ी केंद्रों को देखने लायक बनाया गया है और सरकार ने इसका मॉडल तैयार किया है। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के पास स्मार्टफोन हैं, जिससे वे रीयल टाइम डेटा अपलोड कर सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित