नैनीताल , मार्च 19 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले में चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में भक्तों का सैलाब उमड़ा।

गौरतलब है कि आज नवरात्र की शुरुआत के साथ ही देशभर के मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है, चारों ओर माता रानी के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया है। वहीं उत्तराखंड के नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। नैनीताल, रामनगर सहित हल्द्वानी के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का जमावड़ा लगा हुआ है। हल्द्वानी के शीतला देवी मंदिर, नैनीताल के मां नयना देवी मंदिर और कैंची धाम में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

सुबह से ही श्रद्धालु व्रत रखकर घरों में पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिरों की ओर रवाना हो रहे हैं, जिससे हर मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आ रहा है। इस दौरान पूरे क्षेत्र में जय माता दी के जयकारे गूंज रहे हैं।

नैनीताल और आसपास के प्रमुख मंदिरों - घोड़ाखाल, कैंची धाम, हनुमानगढ़ी, गुफा महादेव, स्नोव्यू मंदिर और सत्यनारायण मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित