पटना , अप्रैल 22 -- बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने पहलगाम में हुई आतंकी घटना की पहली बरसी पर पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पहलगाम में हुई बर्बरता को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
श्री सिन्हा ने पहलगाम में हुई आतंकी घटना की पहली बरसी पर आज बयान जारी कर कहा कि जिन परिवारों ने उस घटना में अपने परिजनों को खोया है, उनके साथ पूरे राष्ट्र की संवेदना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से निर्दोष लोगों को उनके परिजनों के सामने हत्या की गई थी वह एक अमानवीय और जघन्य अपराध था , जिसका भारत ने एयर स्ट्राइक कर उसका करारा जवाब भी दिया ।
श्री सिन्हा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की दृढ़ता और देश की सैन्य ताक़त के बल पर आज हम दुनिया के शक्तिशाली देशों की श्रेणी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से शांति स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत रहा है। यह हाल के खाड़ी संकट की परिस्थिति में भी दुनिया ने देखा , लेकिन जब बात देश के नागरिकों की रक्षा-सुरक्षा और मान-सम्मान की आती है तो इसका मुक़ाबला करने में हम पीछे नहीं रहते हैं।
भाजपा नेता श्री सिन्हा ने कहा कि भारत ने एक जिम्मेदार देश की तरह पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकी ठिकानों पर प्रहार किया , लेकिन हमारी सेना ने पाकिस्तान के आम आदमी को कोई क्षति नहीं पहुंचायी है। उन्होंने कहा कि निस्संदेह पहलगाम की घटना के बाद भारत सरकार की पहल पर भारतीय सेना ने जिस तरह ऑपरेशन सिंदूर की सफल क्रियान्वयन किया उससे पूरा देश गौरवान्वित हुआ ।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की एकता और अखंडता पर हमें गर्व है। किसी भी विषम परिस्थितियों में समूचे देश के नागरिकों के साथ-साथ सभी राजनीतिक दलों की सकारात्मक भागीदारी सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश की ताक़त और पहचान को दुनिया के सामने प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिये हमारे सामूहिक संकल्प को सिद्धि तक पहुँचाने के लिए सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किया है । इसी का परिणाम है कि आज दुनिया देश की मजबूत आर्थिक और सैन्य शक्ति की सराहना कर रही है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित