खरगोन , अप्रैल 21 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बलवाड़ा थाना क्षेत्र में लूट के दौरान पहचान उजागर होने के डर से एक युवक की हत्या कर शव खाई में फेंकने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार ओखला निवासी गोलू चौहान की हत्या के मामले में आरोपी छोटेलाल (35), राधाकृष्ण (23) और नरेंद्र रावत (34) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी अनिल बामनिया ने बताया कि 10 अप्रैल को नाचनमोर घाट स्थित भैरू मंदिर के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मृतक की पहचान गोलू चौहान के रूप में हुई, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे।

जांच के दौरान परिजनों से पूछताछ में पता चला कि 9 अप्रैल की रात गोलू तिल्लौर से अपने गांव पिपल्या लौट रहा था और अंतिम बार उसने फोन पर भैरू मंदिर के पास होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन मंदिर के पास खून के निशान और चप्पलें मिलीं, जबकि शव घाटी में बरामद हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एफएसएल, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड को शामिल किया गया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले शराब पी और फिर लूट की योजना बनाई। युवक को अकेला देखकर उस पर हमला किया गया। घायल अवस्था में पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला और शव को खाई में फेंक दिया।

वारदात के बाद आरोपी वापस घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक का मोबाइल, नकदी तथा मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। बाद में बाइक को तोड़कर नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल, बाइक के पुर्जे, बैटरी और वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित