रांची , अप्रैल 29 -- झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिला के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के घने जंगलों में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक माओवादी के मारा गया।

इसकी पुष्टि एसपी अमित रेणु ने की है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोबरा 209 बटालियन के जवानों ने जवाबी कार्रवाई में एक उग्रवादी को ढेर कर दिया। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से शव बरामद कर लिया है और वहां से हथियार व अन्य संदिग्ध सामग्री भी जब्त की गई है। फिलहाल मारे गए माओवादी की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना मिली थी कि एक करोड़ के इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा का दस्ता इस इलाके में सक्रिय है। इसी इनपुट के आधार पर रूटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा के जंगलों में व्यापक घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से चल रहे कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान जैसे ही सुरक्षाबल टोंटो-गोइलकेरा के जंगलों में पहुंचे, माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ हुई।

फिलहाल पूरे इलाके में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी गई है और सघन तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस ऑपरेशन में आगे और बड़ी सफलता मिल सकती है, क्योंकि आसपास अन्य माओवादियों के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित