अमरोहा , जून 25 -- वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर को पश्चिम क्षेत्र का अध्यक्ष नियुक्त किया है। राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जातीय एवं सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हाल के दिनों में समाजवादी पार्टी नेता राजकुमार भाटी की दादरी में आयोजित रैली की चर्चा राजनीतिक गलियारों में रही। रैली के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुर्जर मतदाताओं की भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसी बीच भाजपा द्वारा नवाब सिंह नागर को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को संगठन को और मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रदेश की राजनीति का अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़ और आगरा मंडलों में फैले इस इलाके की विधानसभा सीटें राज्य की सत्ता के समीकरण तय करने में अहम भूमिका निभाती रही हैं। जाट, गुर्जर, मुस्लिम और दलित मतदाताओं का प्रभाव यहां कई सीटों पर निर्णायक माना जाता है।

भाजपा को उम्मीद है कि लंबे राजनीतिक अनुभव वाले नवाब सिंह नागर संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच पार्टी की पकड़ को और मजबूत करेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के एनडीए में शामिल होने के बाद भाजपा इस क्षेत्र में अपने जनाधार को और विस्तार देने का प्रयास कर रही है।

उधर, विपक्षी दल भी अपनी-अपनी राजनीतिक रणनीतियों को धार देने में जुटे हैं। समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, आजाद समाज पार्टी, कांग्रेस तथा अन्य दल क्षेत्र में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती दिखाई दे रही हैं।

राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि आने वाले समय में संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक समीकरणों के साथ-साथ किसान, रोजगार, विकास और स्थानीय मुद्दे भी चुनावी विमर्श में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। फिलहाल भाजपा द्वारा नवाब सिंह नागर को सौंपी गई नई जिम्मेदारी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित