भोपाल , मई 17 -- पश्चिम मध्य रेल (पमरे) ने अप्रैल 2026 में टिकट जांच अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित यात्रा के मामलों में कार्रवाई करते हुए 12 करोड़ 35 लाख रुपए का राजस्व अर्जित किया है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर पमरे के तीनों मंडलों में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य अधिकारियों के नेतृत्व में यात्री गाड़ियों और रेलवे स्टेशनों पर समय-समय पर टिकट जांच अभियान चलाए गए।

इन अभियानों के दौरान चालू वित्तीय वर्ष के अप्रैल माह में कुल एक लाख 75 हजार मामले पकड़े गए। इनमें बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट लेकर यात्रा तथा अनबुक्ड लगेज के मामले शामिल हैं। इनसे अतिरिक्त किराया और जुर्माने के रूप में कुल 12 करोड़ 35 लाख रुपए की वसूली की गई। रेल प्रशासन के अनुसार यह राशि पिछले वर्ष इसी अवधि में वसूले गए 10 करोड़ 30 लाख रुपए की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक है।

भोपाल मंडल में अप्रैल माह के दौरान टिकट जांच में 64 हजार प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे चार करोड़ 60 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले उचित टिकट लेने की अपील की है। रेलवे के अनुसार यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल के समन्वय से टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित