कोलकाता , मई 17 -- पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने राज्य के कई सरकारी अस्पतालों को आधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी केंद्र में उन्नत करने की पहल शुरू कर दी है। इस योजना के तहत बुनियादी ढांचे, गंभीर रोगों के इलाज और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
इस सिलसिले में पार्टी विधायक और कैंसर विशेषज्ञ डॉ. इंद्रनील खान ने पश्चिम बंगाल के अस्पतालों में मौजूदा मेडिकल ढ़ांचे का आकलन करने को कई दौरे शुरू किए हैं। इसी क्रम में श्री खान ने रविवार सुबह बेहाला में विद्यासागर राजकीय सामान्य अस्पताल का दौरा किया और अलग-अलग विभाग और स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने दौरे के दौरान अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक सह उप-प्राचार्य (एमएसवीपी) से भी मुलाकात की और अस्पताल के मौजूदा ढ़ांचे, मरीजों की सेवाओं और मेडिकल सुविधाओं को बढ़ाने की गुंजाइश के बारे में चर्चा की।
विधायक ने निरीक्षण के बाद बोलते हुए कहा कि वह विद्यासागर अस्पताल को पूरी तरह से मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल में उन्नत करने के लिए राज्य सरकार को एक औपचारिक प्रस्ताव भेजेंगे। उनके मुताबिक अस्पताल में स्वास्थ्य ढ़ांचे को मजबूत करने से न सिर्फ बेहाला बल्कि आस-पास के इलाकों जैसे अमतला, बज बज और महेशतला के लोगों को भी काफी फायदा होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित