कोलकाता , अप्रैल 02 -- चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के लिए गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी।

कोलकाता गजट में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार दूसरे चरण के लिए कुल 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। उम्मीदवार नौ अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं, जबकि 10 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं नामांकन वापस लेने के लिए तिथि 13 अप्रैल है।

आयोग के अनुसार सभी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम सात बजे तक चलेगा। यह समय सभी सीटों पर समान रूप से लागू रहेगा। दोनों चरणों की मतगणना चार मई को होगी।

दूसरे चरण में राज्य के अनेक महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है, जिसमें नदिया, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, कोलकाता, हावड़ा, हुगली और बर्धमान जैसे प्रमुख जिलों की सीटें शामिल हैं। भवानीपुर, टॉलीगंज और बेहाला जैसी कोलकाता की चर्चित सीटों पर भी इसी चरण में मतदान होना है।

अधिसूचना में राज्य के राज्यपाल ने सभी विधानसभा के नागरिकों से मतदान में भाग लेने और अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करने का आह्वान किया है। साथ ही यह भी घोषणा की गयी है कि वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल सात मई तक है, जिसके बाद यह स्वतः ही भंग हो जाएगी।

वर्तमान में राज्य में आदर्श आचार संहिता को सख्ती से लागू है और अधिकारियों ने आयोग के दिशानिर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सभी निर्वाचन क्षेत्रों में निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था तेज कर दी है।

इसके अतिरिक्त, मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की ओर से जारी एक अन्य अधिसूचना के तहत चुनाव अवधि के दौरान एग्जिट पोल के आयोजन, प्रकाशन और प्रसार पर पूर्ण प्रतिबंध भी लगा दिया गया है। साथ ही अधिसूचित अवधि के दौरान किसी भी प्रावधान के उल्लंघन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित