कोलकाता , अप्रैल 30 -- चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में गुरुवार को मतगणना केंद्रों की संख्या 87 से घटाकर 77 करने का ऐलान किया है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने मतगणना केंद्रों की संख्या 87 से घटाकर 77 करने के फैसले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि स्थिति की अभी भी समीक्षा की जा रही है तथा आवश्यक हुआ तो केंद्रों की संख्या और भी कम की जा सकती है।वर्ष 2021 के चुनावों में पूरे राज्य में 108 मतगणना केंद्रों पर गिनती हुई थी।

श्री अग्रवाल ने कहा, "हमने जमीनी स्तर से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर मतगणना केंद्रों की संख्या कम करने का फैसला लिया है। यदि जरूरत पड़ी तो हम इसे और भी कम कर सकते हैं।" राज्य की राजधानी कोलकाता में 11 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना पांच केंद्रों पर होगी- बैलीगंज सर्कुलर रोड पर बाबा साहेब आंबेडकर शिक्षा विश्वविद्यालय, बैलीगंज सरकारी हाई स्कूल, नेताजी इनडोर स्टेडियम, शाखवात मेमोरियल स्कूल और डायमंड हार्बर रोड पर सेंट थॉमस बॉयज स्कूल।

उत्तर 24 परगना के सभी 33 विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना आठ केंद्रों पर होगी। इनमें बारासात सरकारी कॉलेज और हाई स्कूल, बशीरहाट हाई स्कूल, बशीरहाट पॉलिटेक्निक कॉलेज, बिधाननगर कॉलेज, बनगांव में दीनबंधु महाविद्यालय, पानीहाटी में गुरु नानक कॉलेज परिसर और बैरकपुर में राष्ट्रगुरु सुरेंद्रनाथ कॉलेज शामिल हैं।

दक्षिण 24 परगना में 31 क्षेत्रों के लिए मतगणना छह केंद्रों पर होगी- जादवपुर में एपीसी रॉय पॉलिटेक्निक कॉलेज, कैनिंग में बंकिम सरदार कॉलेज, डायमंड हार्बर महिला विश्वविद्यालय, अलीपुर में बिहारी लाल कॉलेज, हेस्टिंग्स हाउस परिसर और काकद्वीप में सुंदरबन महाविद्यालय। अलीपुरद्वार में पांच निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणनाा अलीपुरद्वार विश्वविद्यालय में होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित