कोलकाता , अप्रैल 23 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण में शाम छह बजे तक रिकॉर्ड तोड 91.64 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य के दक्षिण दिनाजपुर जिले में सबसे अधिक 94.50 प्रतिशत और केलिमपोंग जिले में सबसे कम 82.89 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा अलीपुरद्वार में 90.28 , बांकुरा में 91.34, बीरभूम में 93.37, कूचबिहार में 94.12, दार्जिलिंग में 87.91, जलपाईगुडी में 92.85, झारग्राम में 91.74, मालदा में 91.90, मुर्शिदाबाद में 92.76, पश्चिम बर्धमान में 88.96, पश्चिम मेदिनीपुर में 91.69, पूर्वी मेदिनापुर में 90.19, पुरलिया में 89.26 और उत्तर दिनाजपुर में 91.84 प्रतिशत मतदान हुआ।

राज्य में इक्का-दुक्का घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बीरभूम जिले में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में कांग्रेस का एक कार्यकर्ता घायल हो गया। दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर हमले के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा कहीं से कोई अप्रिय घटना की रिपोर्ट सामने नहीं आयी है। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।

राज्य में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं। इनमें से पहले चरण में आज 152 सीटों पर मतदान समाप्त हो गया है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया। मतदान का समय समाप्त होने से पहले मतदान केन्द्रों में पहुंचे मतदाता अभी भी मतदान कर रहे है। बंगाल में भीषण गर्मी के बावजूद सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाता लम्बी कतार में लगे हुए देखे गये।

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के लिए कुल 44,378 मतदान केन्द्र बनाये गये। जिन सीटों पर कड़ा मुकाबला माना जा रहा है, उनमें नंदीग्राम, खड़गपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा और झारग्राम सीटों शामिल हैं।

चुनाव आयोग ने राज्य में चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये हैं और संवेदनशील इलाकों में केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की सघन तैनाती की गयी है। आयोग ने राज्य के मुर्शिदाबाद जिले के डोमकल में वाम समर्थकों को कथित तौर पर वोट डालने से रोकने के मामले में रिपोर्ट मांगी है।

राज्य में सिलीगुड़ी और माटीगाड़ा में अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

राज्य में पहले चरण में कुल 1,478 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में मतदाताओं की कुल संख्या 3.60 करोड से अधिक है, जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.74 करोड़ महिलाएं और 465 उभयलिंगी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं। मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है तथा कांग्रेस और वामपंथी दल भी पुरजोर से अपनी ताकत आजमा रहे हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के साथ-साथ महाराष्ट्र की दो विधानसभा सीटों और गुजरात की एक सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे हैं। जहां महाराष्ट्र के बारामती में पांच बजे तक 58.91 प्रतिशत और राहुरी में 55.17 प्रतिशत तथा गुजरात के उमरेथ में 58.91 प्रतिशत मतदान हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित