नयी दिल्ली , फरवरी 08 -- केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने पर बुनकरों की दैनिक कमाई में भारी वृद्धि होगी।
श्री सिंह ने आज नदिया जिले के शांतिपुर में बुनकरों और कपड़ा कारीगरों के एक बड़े जमावड़े को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बंगाल के हथकरघा उत्पादों के लिए बाजारों का विस्तार करने और इस क्षेत्र में लगे लोगों के लिए अधिक वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी।
उन्होंने दावा किया कि यदि राज्य में भाजपा सत्ता में आती है, तो उनकी दैनिक कमाई में भारी वृद्धि होगी।
इस कार्यक्रम का आयोजन भाजपा के बुनकर और कपड़ा श्रमिक प्रकोष्ठ द्वारा किया गया था, जिसका नेतृत्व राज्य संयोजक अनिल विश्वास ने किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और स्थानीय सांसद जगन्नाथ सरकार भी उपस्थित थे।
श्री सिंह ने आरोप लगाया कि 'तंतुज' जैसे संस्थान, जो कुटीर और हथकरघा आधारित वस्त्रों को बढ़ावा देने के लिए स्थापित किए गए थे, वर्तमान राज्य सरकार के अधीन अपने मूल उद्देश्य में विफल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बांग्लादेश से मंगवाए गए मशीन-निर्मित कपड़े और परिधान अब ऐसी इकाइयों पर हावी हो रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो 'तंतुज' विशेष रूप से हाथ से बुने हुए उत्पादों को बढ़ावा देगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य में छात्रों को दी जाने वाली स्कूल यूनिफॉर्म केवल हथकरघा कपड़े से बनाई जाएगी।
श्री सिंह ने बुनकरों के साथ बातचीत करते हुए उनकी औसत दैनिक कमाई के बारे में पूछा, जिस पर जवाब मिला कि यह लगभग 200 रुपये है। जब श्री सिंह को बताया गया कि बुनकर प्रतिदिन कम से कम 500 रुपये कमाने की इच्छा रखते हैं, तो उन्होंने ने कहा कि वह 1,500 रुपये तक की दैनिक कमाई के अवसर सुनिश्चित करेंगे।
मंत्री ने आगे कहा कि बंगाल के वस्त्रों के लिए अमेरिका और यूरोप में सीधे बाजार बनाने के प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने एक स्थानीय बुनकर के आवास पर दोपहर का भोजन किया। अनिल विश्वास ने दावा किया कि यदि मंत्री की घोषणाओं को लागू किया जाता है, तो राज्य भर में लगभग सात लाख बुनकरों और कपड़ा श्रमिकों को लाभ होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित