भोपाल , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल के कोलकाता नार्थ सबअर्बन जिले के कमरहाटी और मेदनीपुर जिले के खड़गपुर सदर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क और रोड शो कर सभाओं को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की प्रगति और बांग्लादेशी घुसपैठ पर रोक के लिए भाजपा की सरकार जरूरी है। राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस के "जंगलराज" से मुक्ति चाहती है और विकास के लिए परिवर्तन का मन बना चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर जनकल्याण के कार्य तेज गति से आगे बढ़ेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से पश्चिम बंगाल विकास की दौड़ में पीछे रहा है।

डॉ. यादव ने कमरहाटी में भाजपा प्रत्याशी अरुप चौधरी और खड़गपुर सदर में दिलीप घोष के समर्थन में घर-घर संपर्क कर मतदाताओं से भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बंगाल में गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसी समस्याएं गंभीर हैं, जिन्हें दूर करने के लिए स्थिर और मजबूत सरकार की आवश्यकता है। साथ ही बांग्लादेशी घुसपैठ रोकने के लिए एसआईआर को जरूरी बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित