जयपुर , जून 15 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत को भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, संगठन के प्रति समर्पण, जनसेवा की भावना और अटूट विश्वास का परिणाम बताया है।

श्री शर्मा ने सोमवार को यहां उनसे मिलने आये पश्चिम बंगाल में भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग एजेंट एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान यह बात कही। राजस्थान में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के नेतृत्व में आये प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को विधानसभा चुनाव में मिली अभूतपूर्व सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह विजय भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, संगठन के प्रति समर्पण, जनसेवा की भावना और अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं और उनकी मेहनत ही जनता का विश्वास जीतने का आधार बनती है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सफलता कार्यकर्ताओं के जज्बे, संघर्षशीलता और संगठनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनहित, सुशासन और विकास की विचारधारा के प्रति जनता का समर्थन निरंतर बढ़ता रहेगा।

श्री राठौड़ ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान विजय के लिए राजस्थान के आस्था केंद्र श्री सालासर बालाजी एवं श्री खाटूश्यामजी सेमन्नत मांगी गयी थी। चुनाव में सफलता प्राप्त होने के उपरांत भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं एवं काउंटिंग एजेंटों ने राजस्थान पहुंचकरश्री सालासर बालाजी धाम और श्री खाटूश्यामजी धाम में दर्शन-पूजन कर अपनी मन्नत पूर्ण की तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं प्रगति की कामना की।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व, संगठन के प्रति उनके मार्गदर्शन तथा कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा और जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास लोकतांत्रिक मूल्यों की सुदृढ़ता का प्रतीक है।

मुलाकात के दौरान पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने चुनावी अनुभव साझा किए तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किये। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित