मिदनापुर , सितंबर 26 -- पश्चिम बंगाल में पश्चिम मिदनापुर जिले के मुख्यालय मिदनापुर के कोतवाली इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 23 वर्षीय कार्यकर्ता कथित तौर पर रॉड और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी।
पुलिस के अनुसार, मृतक शमशेर बिस्वास अपने मामा जफर बिस्वास और दो-तीन अन्य लोगों के साथ मिदनापुर सदर के तहत हाटीहालका स्थित कदमतला बाजार में चाय पी रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर उन पर रॉड, बांस के डंडों और ईंटों से हमला कर दिया।हमले में शमशेर और एक अन्य भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों को मिदनापुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शमशेर को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोगों का समूह कथित तौर पर पीड़ितों पर डंडों और अन्य हथियारों से हमला करता दिखायी दे रहा है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने तथा घटनाक्रम का क्रम पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि शमशेर और जफर भाजपा के मिदनापुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष समित मंडल के समर्थक माने जाते हैं, जिन्हें शुक्रवार को पद से हटा दिया गया था। उनकी जगह सौमेन तिवारी को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। आरोप है कि कदमतला बाजार में दोनों पर भाजपा के ही दूसरे समूह के सदस्यों ने हमला किया। भाजपा ने हालांकि इस घटना को पार्टी के अंदरूनी संघर्ष का नतीजा होने से इनकार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित