आसनसोल , अक्टूबर 18 -- पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्द्धमान जिले में आसनसोल के पास जामुड़िया स्थित एक निर्माणाधीन कैप्टिव पावर प्लांट में शनिवार देर शाम एक चिमनी का हिस्सा ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया।

शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक इस घटना में चार लोगों की मौत होने की आशंका है, हालांकि मौतों की संख्या को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी तक कोई पुष्टि नहीं की गई है।

चिमनी ढहने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे के नीचे कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने का अंदेशा जताया जा रहा है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय दमकल विभाग, जामुड़िया थाना पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं।

घटनास्थल से आई तस्वीरों में आपातकालीन कर्मी कंक्रीट का मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालते दिखे। घायल मजदूरों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

बचाव कार्य जारी रहने के कारण घायल मजदूरों और मलबे में फंसे लोगों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल सका है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर डॉ प्रणव कुमार, पश्चिम बर्द्धमान के जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम और जामुड़िया के विधायक डॉ बिजन मुखर्जी समेत वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित