सिलीगुड़ी/जयपुर , अप्रैल 17 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति से जनता त्रस्त हैं और ममता बनर्जी के नेतृत्व में बंगाल का विकास अवरूद्ध हो गया है।
श्री शर्मा शुक्रवार को पश्चिमी बंगाल के सिलीगुड़ी में आयोजित मारवाड़ी कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पश्चिमी बंगाल में सरकारी खजाने को लूटा जा रहा है तथा घुसपैठियों को बढ़ावा दिया जा रहा है वहीं भाजपा का संकल्प है साफ नीयत, स्पष्ट नीति और तेज गति से विकास। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कहना है कि "ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा"। प्रधानमंत्री की यही सोच भाजपा के सुशासन की असली पहचान है।
उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास कर रहा है। पश्चिम बंगाल में जनमानस ने भाजपा के पक्ष में मन बना लिया है और यहां भाजपा की सरकार भारी बहुमत से जीतेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान शक्ति और भक्ति की पावन धरा है। यहां मीरा बाई, महाराणा प्रताप, सूरजमल जैसे महापुरूषों ने अपने बलिदान और समर्पण से वीरता की अद्भुत मिसाल पेश की है। उन्होंने सिलीगुड़ी की धराभूमि को नमन करते हुए कहा कि यहां सेवाकेश्वरी काली मंदिर तथा सिद्धेश्वर शिव मंदिर जैसे धार्मिक स्थल हैं जो हमें अन्याय के खिलाफ लड़ने की शक्ति देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी देश और दुनिया में राजस्थान की संस्कृति और परम्परा को फैलाने का कार्य कर रहे हैं। मारवाड़ी लोगों को अपने परोपकारी कार्यों के लिए देश-दुनिया में जाना जाता है। प्रवासी राजस्थानी ने केवल आर्थिक रूप से बल्कि सामाजिक सरोकार के कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज ने कर्मभूमि में अस्पताल, स्कूल, धर्मशालाएं, गौशाला और देवालय बनवाकर सेवा भाव का परिचय दिया है।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 के बाद देश में अभूतपूर्व बदलाव किए हैं। नक्सलवाद-आंतकवाद का खात्मा हुआ है तथा दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है वहीं गरीबों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से बालिकाओं का लिंगानुपात बढ़ा है। साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय बनवाकर महिलाओं की गरिमा सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, जन-धन खाता, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी अनेक योजनाओं का संचालन किया गया है जिससे महिला, किसान, गरीब और मजदूर सहित सभी वर्ग लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम आधी आबादी के लिए है। यह उनका हक है तथा यह हक उनको मिलना चाहिए। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही देश-प्रदेश विकसित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल ने केन्द्र सरकार द्वारा भारतमाला परियोजना के तहत 520 किमी लंबा गोरखपुर-सिलीगुड़ी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बन रहा है। जिससे अब उत्तर प्रदेश से बंगाल की दूरी घंटों में सिमट जाएगी। साथ ही, कोलकाता-सिलीगुड़ी के बीच 6-लेन हाईवे और बागडोगरा एयरपोर्ट का नया आधुनिक टर्मिनल यहां के व्यापार और पर्यटन की तस्वीर बदल देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सिलीगुड़ी में आठ हजार अधिक घरों को स्वीकृति दी गई, जिनमें से चार हजार 600 से अधिक परिवार अब अपने पक्के घर में स्वाभिमान के साथ रह रहे हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान में संकल्प पत्र के प्रत्येक वादे को पूरा किया जा रहा है। पिछले सवा दो साल में राज्य में पानी, बिजली, उद्योग, युवाओं को रोजगार के अवसर सहित हर क्षेत्र में निर्णय लिए गए हैं। जिससे राज्य में विकास की गति में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। शेखावाटी की हवेलियों को चिन्हित करते हुए इनके संरक्षण का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन में अपार संभावनाएं हैं तथा देश-प्रदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक राजस्थान में आते हैं। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों को भी प्रदेश में आने के लिए आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने सिलीगुड़ी में भाजपा प्रत्याशी शंकर घोष के समर्थन में आयोजित भव्य रोड शो में भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर आमजन का अभिवादन स्वीकार किया। श्री शर्मा का विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। 'भारत माता की जय' 'जय श्री राम' और भाजपा के समर्थन में लगे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में श्री शर्मा ने आमजन से सिलीगुड़ी से भाजपा प्रत्याशी श्री शंकर घोष को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। इस दौरान सिलीगुड़ी के स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी मौजूद रहे। इससे पहले एयरपोर्ट पहुंचने पर आमजन ने मुख्यमंत्री का स्वागत-अभिनंदन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित