पटना, अप्रैल 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने बुधवार को कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का सूपड़ा साफ होना तय है।

श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने डबल इंजन की सरकार के लिए मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा प्रचंड जीत दर्ज करेगी और टीएमसी की करारी हार होगी।

श्री मिश्र ने पश्चिम बंगाल ( प्रथम चरण) और तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का दावा करते हुए कहा कि यह चुनाव पश्चिम बंगाल के लिए बहुत खास है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के बाद भाजपा की सरकार पश्चिम बंगाल के विकास का स्वर्णिम अध्याय लिखेगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी उनकी सीट पर भाजपा उम्मीदवार करारी शिकस्त देंगे।

भाजपा नेता श्री मिश्र ने कहा कि ममता सरकार की तुष्टीकरण की नीति के कारण पश्चिम बंगाल को काफी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को रहने की छूट दे दी गयी, जिससे पश्चिम बंगाल के मूल निवासियों की हकमारी हुई। लेकिन, अब पश्चिम बंगाल के अच्छे दिन आनेवाले हैं। चार मई को पश्चिम बंगाल में नयी सुबह होगी। उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल को होनेवाले पहले चरण के मतदान में पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत की मजबूत नींव पड़ेगी और इस मजबूत नींव पर दूसरे चरण के मतदान में भाजपा जीत की आलीशान इमारत खड़ी करेगी।

श्री मिश्र ने कहा कि तमिलनाडु में भी भाजपा बेमिसाल प्रदर्शन करेगी और बड़ी संख्या में कमल खिलेंगे।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा। इस चरण में 1478 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं ,तमिलनाडु में भी गुरुवार को सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित