कोलकाता , मई 04 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अब अंतिम परिणाम आने लगे हैं। शाम चार बजे तक पांच परिणाम घोषित हो चुके हैं जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चार तो तृणमूल कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल कर ली है।

भगवानगोला सीट पर तृणमूल कांग्रेस के रयात हुसैन सरकार ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा के महमदुल हसन को 56,407 से अधिक मतों के विशाल अंतर से हराकर इस सीट पर पार्टी का परचम लहराया है।

मोंतेश्वर सीट से भाजपा के सैकत पांजा ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार चौधरी सिद्दीकउल्लाह को 14,798 मतों के अंतर से पराजित किया। यह सीट पहले टीएमसी के पास थी, जिसे भाजपा ने इस बार अपने पाले में कर लिया है।

कालिम्पोंग की महत्वपूर्ण सीट पर भाजपा के भारत छेत्री विजयी रहे हैं। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रहे भारत छेत्री ने अपने पहले ही चुनाव में 21,464 से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।

भाजपा ने भातर विधानसभा सीट पर भी कब्ज़ा कर लिया है। यहाँ भाजपा उम्मीदवार करफा सोमेन ने तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी कोनेर शांतनु को 6528 मतों से निर्णायक शिकस्त दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित