चंडीगढ़ , मई 04 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे नतीजे पंजाब में भी वर्ष 2027 में देखने को मिलेंगे।
विभिन्न राज्यों में जीत का जश्न मनाने के दौरान पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए श्री जाखड़ ने पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की और उनके संघर्ष को नमन किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने सत्ताधारी दल के कथित अत्याचार के खिलाफ डटकर मुकाबला किया और "सबका साथ, सबका विकास" के सिद्धांत पर चलने वाली सरकार बनाने में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल पार्टी के लिए बड़ी चुनौती था, लेकिन मजबूत नेतृत्व और जनता के समर्थन से वह चुनौती अब पार कर ली गई है। इसी उत्साह के साथ पंजाब में आगामी चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
श्री जाखड़ ने कहा कि बंगाल के नतीजे पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरेंगे और यह विश्वास पैदा करेंगे कि यदि भाजपा बंगाल में सरकार बना सकती है, तो पंजाब में भी बना सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में कानून व्यवस्था खराब थी और राजनीतिक उत्पीड़न का माहौल था, जबकि पंजाब भी इसी तरह की समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनावों की तैयारी संकल्प और मेहनत के साथ अभी से शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पंजाब से विशेष लगाव है और पार्टी उनका संदेश हर घर तक पहुंचाएगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब से आम आदमी पार्टी की विदाई निश्चित है। मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विधायकों को बस में दिल्ली ले जाते समय यह ध्यान रखें कि बस कहीं भाजपा कार्यालय की ओर न मुड़ जाए। भाजपा नेता ने आगे दावा किया कि कांग्रेस केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरे देश में समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस ने सत्ताधारी दल के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए विधायकों को भ्रष्ट गतिविधियों की खुली छूट दे रखी है। उन्होंने कहा कि आने वाले महीने पंजाब के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन भाजपा राज्य और जनता के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित