कोलकाता , मई 12 -- पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने राज्य के नौकरशाहों से पेशेवर तरीका अपनाने और नियमानुसार काम करने के लिए कड़ा संदेश जारी करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन राजनीतिक दखलंदाजी से मुक्त और आजादी से काम करेगा।

श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को अपनी रीढ़ सीधी रखकर और आत्मविश्वास से काम करने की जरूरत पर बल दिया।

श्री अग्रवाल ने मंगलवार को पद संभालने के बाद नबन्ना में अपनी पहली उच्च-स्तरीय बैठक में राज्य के सभी विभागीय सचिवों को संबोधित करते हुए इस बात पर जोर दिया कि अधिकारियों को ईमानदारी और आत्मविश्वास के साथ काम करना चाहिए।

श्री अग्रवाल ने अधिकारियों से कहा, "अपनी रीढ़ सीधी रखकर काम करें। अगर आप ईमानदारी से काम करते हैं, तो झुकने की कोई जरूरत नहीं है।" उन्होंने उन्हें बतौर भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी उनकी संवैधानिक जिम्मेदारियों की याद दिलाई। श्री अग्रवाल ने राज्य के बतौर मुख्य चुनाव अधिकारी अपनी पिछली भूमिका से हटते हुए पदभार संभालने के तुरंत बाद विभाग को राज्य में रुकी हुई कई केंद्र सरकार की योजनाओं को तेजी से लागू करने का निर्देश दिया।

श्री अग्रवाल ने बैठक में मौजूद सभी विभागों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 'संकल्प पत्र' में बताए गए वादों को पूरा करने को योजना तैयार करने का निर्देश दिया। यह प्रशासनिक कोशिश मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के कानून लागू करने और भ्रष्टाचार नियंत्रण पर जिला प्रशासन को कड़े निर्देश जारी करने के एक दिन बाद हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित