कोलकाता , मई 11 -- पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।
कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने सोमवार को श्री अग्रवाल की नियुक्ति की अधिसूचना जारी कर दी।
वर्तमान मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला का दिल्ली तबादला कर दिया गया है। वे अब वहां पश्चिम बंगाल सरकार के प्रधान स्थानीय आयुक्त होंगे, जो अतिरिक्त मुख्य सचिव का पद है।
पश्चिम बंगाल कैडर के 1990 बैच के आईएएस अधिकारी अग्रवाल अपनी पदोन्नति से पहले पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी और गृह एवं पर्वतीय मामले (चुनाव) विभाग में पदेन अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे।
आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र रहे श्री अग्रवाल राज्य में तैनात सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों में से एक हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित