कोलकाता , सितंबर 27 -- आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक और विधायक हुमायूं कबीर के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की जल्द मौत की कामना पर विवाद खड़ा हो गया है और उनके खिलाफ बहरामपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

श्री कबीर ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी की आलोचना की और आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री अहंकारी हो गए हैं। उन्होंने सरकार पर अल्पसंख्यकों को लगातार परेशान करने का भी आरोप लगाया। श्री कबीर ने कहा कि वह भगवान से प्रार्थना करेंगे कि मुख्यमंत्री जल्द ही दुनिया छोड़ दें।

उन्होंने कहा, "सत्ता मिलने के बाद वह अहंकारी हो गए हैं। मैं अल्लाह से प्रार्थना करूंगा कि उन्हें जल्द से जल्द ऊपर जाने का टिकट मिले। अहंकार का अंत पतन ही होता है और हर किसी को यह दुनिया छोड़नी ही है।" श्री कबीर ने मुख्यमंत्री के बारे में बात करते हुए पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी तथा माधवराव सिंधिया सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों की मौत का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों ने अतीत में अहंकार दिखाया था, उनका अंत दुखद हुआ।

उन्होंने तृणमूल से अपनी पिछली बर्खास्तगी का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सत्ता से हटाने की प्रार्थना की थी। श्री कबीर ने कहा, "जिस दिन सुश्री ममता बनर्जी ने मुझे अपनी पार्टी से निकाला था, मैंने भी प्रार्थना की थी कि उन्हें सत्ता से हटा दिया जाए और वह पूर्व मुख्यमंत्री बन जाएं। अल्लाह ने वह प्रार्थना सुन ली थी।" श्री कबीर पहले भी राज्य सरकार और मुख्यमंत्री पर की गई टिप्पणियों को लेकर विवादों में रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जून में उन्हें ऐसे बयान देने से पहले '25 बार सोचने' की चेतावनी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने उनकी टिप्पणियों से जुड़े मामलों के सिलसिले में एजेयूपी प्रमुख को तलब किया था। श्री कबीर वर्तमान में नौदा से विधायक हैं और एजेयूपी के प्रमुख हैं। उन्होंने हाल ही में घोषणा की थी कि वह आगामी रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार से दूर रहेंगे और उनके बेटे तथा एजेयूपी उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद भी प्रचार अभियान से दूर रहेंगे। इन ताज़ा बयानों की वजह से उन्हें राजनीतिक विरोधियों की आलोचना का सामना करना पड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित