बीरभूम , मई 26 -- पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में सोमवार रात अज्ञात हमलावरों ने तृणमूल कांग्रेस के समर्थक की धारदार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी।
मृतक की पहचान सैंथिया थाना क्षेत्र के कुरुमशाह गांव निवासी काजल शेख के रूप में हुई है। यह वारदात उस समय हुई जब युवक रात में अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, काजल शेख का टेकड्डा मोड़ के पास मोटरसाइकिल का एक गैरेज था। सोमवार रात जब वह हमेशा की तरह अपनी दुकान बढ़ाकर घर के लिए निकला, तभी टेकड्डा मोड़ के पास एक पुलिया के समीप बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। श्री शेख को खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिराकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सैंथिया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ित को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हालांकि श्री शेख को इलाके में तृणमूल कांग्रेस के समर्थक के रूप में जाना जाता था, लेकिन पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे कोई राजनीतिक कारण था या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।
इस संबंध में सैंथिया पंचायत समिति के अध्यक्ष प्रशांत साधु ने कहा कि पुलिस को सभी पहलुओं की गहनता से जांच करनी चाहिए कि यह हत्या राजनीतिक रूप से प्रेरित थी या फिर इसके पीछे कोई व्यक्तिगत या व्यावसायिक रंजिश थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित