कोलकाता , जून 02 -- पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास को पिछले साल दिसंबर में साल्ट लेक स्टेडियम में हुए लियोनेल मेसी के शो के दौरान हुई अव्यवस्था के सिलसिले में मंगलवार को बिधाननगर दक्षिण थाने ने समन जारी किया है।

श्री बिस्वास को 04 जून को बिधाननगर दक्षिण पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है। यह समन इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक शतद्रु दत्ता द्वारा शनिवार को दर्ज कराई गई एक प्राथमिकी के बाद जारी किया गया है। दत्ता ने भारी वित्तीय नुकसान होने और मानहानि का सामना करने के लिए 100 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।

इस कथित अव्यवस्था के बाद गिरफ्तार हुए और वर्तमान में जमानत पर बाहर दत्ता ने पूर्व खेल मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि इन लोगों ने कार्यक्रम के मिनट-टू-मिनट फ्लो चार्ट का उल्लंघन करते हुए मैदान पर भीड़ लगा दी थी, जबकि उन्होंने मैदान खाली करने के लिए उनसे कई बार अनुरोध किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित