नयी दिल्ली , सितंबर 26 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 27 और 28 सितंबर को पश्चिम बंगाल के दौरे पर जाएंगे। श्री नवीन अपने इस दो दिवसीय दौरे के दौरान संगठनात्मक बैठकें और जनसंपर्क करेंगे।

श्री नवीन रविवार सुबह कोलकाता पहुंचेंगे और यहां के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में स्थानीय नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के साथ सुबह 11:00 बजे प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम को सुनेंगे। इसके बाद वह उच्चस्तरीय संगठनात्मक समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारी, विभाग संयोजक, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, सांसद, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, आईटी, मीडिया और सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख, प्रकोष्ठ संकुल संयोजक और मुख्य प्रदेश प्रवक्ता शामिल होंगे।

भाजपा अध्यक्ष पार्टी सांसदों तथा विधायकों के साथ एक विशेष रणनीतिक सत्र करेंगे। इसके बाद राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ भी एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न होगी। श्री नवीन शाम को प्रदेश भाजपा के कोर समूह की बैठक शामिल होंगे। इसके बाद वह रात में पश्चिम बंगाल के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों और सांस्कृतिक हस्तियों के साथ सार्थक विचार-विमर्श करेंगे।

श्री नवीन प्रवास सोमवार को पानीहाटी (सोदपुर) स्थित लोक संस्कृति भवन पहुंचेंगे जहां वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित 'आंगन मिलन' सेवा कार्यक्रम में भाग लेंगे और स्वयंसेवकों, सेवाकर्मियों तथा स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद अपराह्न में स्पेस सर्कल क्लब में आयोजित 'युवा संवाद कॉन्क्लेव' में राज्य के ऊर्जावान युवाओं को संबोधित करेंगे। यहां वह 'विकसित भारत' के संकल्प के अनुरूप एक सुरक्षित, प्रगतिशील और समृद्ध 'सोनार बांग्ला' के निर्माण का दृष्टिकोण साझा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित