हुगली , मई 31 -- तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के विरोध में सड़क जाम करने के मामले में चिंसूरा पुलिस ने पार्टी के पूर्व विधान पार्षद असित मजूमदार सहित पार्टी के 11 नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किये गये लोगों में हुगली-चिंसूरा नगरपालिका के महापौर सौमित्र घोष, उपमहापौर पार्थ साहा, कई पार्षद और अन्य तृणमूल नेता शामिल हैं। पुलिस ने हालांकि अभी तक इन गिरफ्तारियों के पीछे की पुख्ता वजह का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।

श्री बनर्जी पर शनिवार को हुए हमले के विरोध में चिंसूरा के पीपुलपाटी चौराहे पर तृणमूल का सड़क जाम कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जिसका नेतृत्व श्री मजूमदार ने किया था। यह चक्काजाम करीब 20 मिनट तक चला और पुलिस एवं केंद्रीय बलों के हस्तक्षेप के बाद इसे हटा लिया गया था।

शनिवार को श्री बनर्जी जब चुनाव बाद हुई कथित हिंसा के एक पीड़ित के घर का दौरा करने सोनारपुर शहर गये थे, तब उन पर हमला हुआ था।पुलिस ने रविवार सुबह सड़क जाम कार्यक्रम में शामिल तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं की धरपकड़ शुरू कर दी। अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की खबर सुनकर श्री मजूमदार खुद थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित