बेतिया , जुलाई 26 -- पश्चिम चम्पारण जिले की सभी 303 ग्राम पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, ग्राम सभा के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं और अन्य हितधारकों की विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा पंचायतों को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सशक्त बनाना है। जुलाई माह के पंचायत विकास दिवस का विषय "सुशासन युक्त पंचायत" रखा गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन और सामुदायिक भवनों में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं, ई-ग्राम स्वराज, ई-पंचायत पोर्टल, पंचायत की आय-व्यय, आगामी विकास योजनाओं तथा पंचायत की आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण भी कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों और अन्य हितधारकों से विकास संबंधी सुझाव लिए गए। इन सुझावों को निश्चय पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है, ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित