बेतिया , मई 09 -- बिहार में पश्चिम चम्पारण जिले के जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने संभावित बाढ़ आपदा को लेकर अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैँ, जिससे आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई कर जान-माल की क्षति को न्यूनतम किया जा सके। जिला पदाधिकारी श्री सिंह ने समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षात्मक बैठक में संबंधित अधिकारियों एवं कार्यपालक अभियंताओं को कटावरोधी कार्य और बांध मरम्मति कार्य गुणवत्ता एवं मानक के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी कार्यपालक अभियंता नियमित रूप से स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, जिससे बाढ़ के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

बैठक में अंचलाधिकारियों को निर्देश दिए गये कि गया कि नावों का निबंधन एवं एकरारनामा हर हाल में 15 मई तक पूर्ण करा लिया जाए। साथ ही जिन अंचलों में नाव परिचालन से संबंधित भुगतान लंबित हैं, उनका अविलंब निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

जिला पदाधिकारी ने गोताखोरों तथा राहत एवं बचाव दल की तैयारी का विस्तृत वर्कआउट करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सामुदायिक रसोई एवं बाढ़ राहत केन्द्रों के संचालन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। राहत केन्द्रों एवं सामुदायिक रसोई के लिए चयनित स्थलों का भौतिक सत्यापन कर स्थानीय स्तर पर समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध करायी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित