बेतिया , जुलाई 30 -- पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो पिस्टल और छह जिंदा कारतूस के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित किसी भूमि विवाद से जुड़े बड़े सौदे के दौरान हथियारों के इस्तेमाल की तैयारी में थे।
वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने गुरुवार को बताया कि बुधवार की रात नरकटियागंज-बलथर रोड पर भसुरारी से आगे घाघ पुल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में दोनों के पास से एक-एक लोडेड पिस्टल बरामद हुई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अपनी पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के सिसई निवासी इरफान अंसारी और जफीर आलम के रूप में बताई है। दोनों ने पुलिस को बताया कि हथियार उन्हें मेहदी हसन और अल्ताफ आलम ने उपलब्ध कराए थे तथा इन्हें तरहरवा निवासी आकाश चौधरी को सौंपना था। उन्होंने यह भी बताया कि सभी लोग तरहरवा में एकत्र होने वाले थे, जहां किसी जमीन के बड़े सौदे के दौरान हथियारों का इस्तेमाल किया जाना था।
दोनों आरोपितों के बयान के आधार पर पुलिस ने आकाश चौधरी और अल्ताफ आलम उर्फ अल्ताफ मियां को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में नामजद मेहदी हसन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में शिकारपुर थाना में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित