बेतिया , जुलाई 11 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के योगापट्टी थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक दैनिक समाचारपत्र के संवाददाता समीर वाजपेयी की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की देर शाम बेतिया-नवलपुर मुख्य मार्ग पर लक्ष्मीपुर गांव के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने- सामने टक्कर हो गई। हादसे के समय समीर वाजपेयी बेतिया की ओर जा रहे थे। दूसरी मोटरसाइकिल पर चौमुखा गांव निवासी विनोद यादव और मुख्तार यादव सवार थे, जो बेतिया से अपने गांव लौट रहे थे।दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से तीनों घायलों को योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), बेतिया रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही समीर वाजपेयी ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों घायलों का इलाज जारी है।
सूत्रों ने बताया कि समीर वाजपेयी अपने क्षेत्र की समस्याओं और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले सक्रिय पत्रकार के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे, पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल, लौरिया विधायक विनय बिहारी, नरकटियागंज विधायक संजय पांडेय,सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित