बेतिया , मार्च 25 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में बुधवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली घटना मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के पकुहवा गांव के समीप इंडो-नेपाल सीमा सड़क पर हुई। अपाची बाइक पर सवार दो युवक इनरवा से अपने घर लौट रहे थे, तभी खराब सड़क के कारण बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नौतन थाना क्षेत्र के नौतन गांव निवासी रंजीत कुमार (28) को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रंजन कुमार (25) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर किया गया है।
दूसरी घटना मझौलिया थाना क्षेत्र के बेतिया-सरिस्वा रामगढ़वा मुख्य मार्ग पर रामपुरवा पुल के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हरपुर गढ़वा पंचायत के बढ़िया टोला निवासी अमीउल्लाह अंसारी (28) के रूप में की गई है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया। है।
पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है और दोनों मामलों में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित