बेतिया , जुलाई 02 -- पश्चिम चंपारण जिले के कंगली थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्र सोनू कुमार के अपहरण एवं हत्या मामले का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी समेत छह को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में दो विधि-विरुद्ध किशोरों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कुमार गौतम ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि 30 जून की शाम कंगली थाना को सूचना दी गई कि इनरवा निवासी शारदा देवी का पुत्र सोनू कुमार स्कूल से घर नहीं लौटा है। इसके बाद एक जुलाई की रात शारदा देवी के लिखित आवेदन पर समशुल मियां समेत 18 लोगों के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
श्री गौतम ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए नरकटियागंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जयप्रकाश सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर महज 10 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी समशुल अंसारी उर्फ पोगिया ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसका मृतक की छोटी बहन से संबंध था। हाल के दिनों में युवती की किसी अन्य युवक से बातचीत को लेकर वह नाराज था। इसी विवाद में सोनू कुमार के विरोध किए जाने के बाद उसने अपने पिता, छोटे भाई तथा अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित