नयी दिल्ली , मार्च 12 -- अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से पिछले 12 दिन में डेढ़ लाख से ज्यादा यात्री हवाई मार्ग से पश्चिम एशिया से भारत आये हैं।
नागरिक उद्यान मंत्रालय ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि गत 28 फरवरी से 11 मार्च के बीच 1,50,457 यात्री पश्चिम एशिया से भारत आ चुके हैं। इसके अलावा भारतीय विमान सेवा कंपनियों ने गुरुवार 12 मार्च को खाड़ी के देशों से 57 उड़ानों के संपरिचालन की बात कही थी।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य अभियान में ईरान पर हमला करने के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पश्चिम एशिया के कई देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों तथा अन्य स्थानों पर हमले किये थे। इसके बाद वहां स्थिति गंभीरहो गयी है। शुरू के दो दिन उड़ानों पर लगभग पूर्ण प्रतिबंध के बाद अब धीरे-धीरे उड़ानें शुरू हुई हैं।
चुनिंदा शहरों के लिए नियमित उड़ानें शुरू करने के साथ ही भारतीय विमान सेवा कंपनियां तथा कुछ विदेशी एयरलाइंस विशेष उड़ानों का भी परिचालन कर रही हैं।
मंत्रालय ने बताया है कि वह स्थिति पर नजदीकी नजर रखे हुए है तथा सुरक्षा स्थिति की पूरी समीक्षा करने के बाद ही विमान सेवा कंपनियों को परिचालन की अनुमति दी जा रही है। उसने बताया कि आज से रियाद के लिए भी कुछ उड़ानें शुरू हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित