मुंबई , मार्च 04 -- पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनैतिक संकट और विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को जबरदस्त गिरावट रही।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,710.03 अंक लुढ़ककर 78,528.82 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 1,627.88 अंक यानी 2.03 प्रतिशत नीचे 78,610.97 अंक पर था।
इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 476.90 अंक गिरकर 24,388.80 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 498.35 अंक यानी दो प्रतिशत नीचे 24,367.35 अंक पर है।
आईटी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों में बिकवाली हावी रही। धातु, ऑटो, बैंकिंग, वित्त, रियलटी, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, तेल एवं गैस और रसायन समूहों में ज्यादा गिरावट रही।
सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, लार्सन एंड टुब्रो, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, टाटा स्टील और एयरटेल ने बाजार पर ज्यादा दबाव बनाया।
वहीं आईटी क्षेत्र की चारों कंपनियों इंफोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयर ऊपर चल रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित