चंडीगढ़ , मार्च 05 -- खाड़ी देशों में चल रहे संकट के बीच वहां फंसे पंजाबियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार ने बड़ी पहलकी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर सरकार ने दो वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए तैनात किया है।

श्री मान ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सहायता के लिए तत्काल प्रभाव से एक हेल्पलाइन स्थापित की गयी है। उन्होंने कहा कि श्री आर.के.जायसवाल (एडीजीपी) को हेल्पलाइन का ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है।

श्री विमल सेतिया (सचिव, गृह विभाग) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी को केन्द्र सरकार के विदेश मंत्रालय के साथ निरंतर संपर्क बनाये रखने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि खाड़ी देशों और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा और निकासी के उपायों पर पल-पल की जानकारी ली जा सके। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर आने वाली हर कॉल का उचित रिकॉर्ड रखा जाएगा और उन पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी मामले को विदेश मंत्रालय या किसी अन्य विभाग के साथ उठाने की आवश्यकता होती है, तो नोडल अधिकारी इसे प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित