रियाद/वॉशिंगटन , अगस्त 02 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और सऊदी प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने एक ओर जहां पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के सिलसिले में फोन पर बातचीत की, वहीं दूसरी ओर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के श्री ट्रम्प के समझौते के दावों को खारिज कर दिया।
सऊदी प्रेस एजेंसी (एसपीए) के अनुसार दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रमों और उनके अंतरराष्ट्रीय प्रभावों के साथ-साथ द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। युवराज मोहम्मद बिन सलमान ने तनाव कम करने को बातचीत को प्राथमिकता देने और युद्धविराम हासिल करने के लिए हरसंभव प्रयास करने के महत्व पर जोर दिया, जिससे कूटनीतिक समाधान का रास्ता साफ हो सके।
एसपीए के अनुसार सऊदी प्रिंस ने कहा कि कूटनीतिक प्रयासों से 'क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए सकारात्मक परिणाम मिलने चाहिए और इसे व्यापक संघर्ष में फंसने से रोका जाना चाहिए।' यह बातचीत ऐसे समय में हुई जब श्री ट्रंप ने घोषणा की कि उन्होंने ईरान पर नियोजित सैन्य हमले रद्द कर दिए हैं क्योंकि 'समझौते की रूपरेखा' पर सहमति बन गई थी।
श्री ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर कहा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार था' लेकिन ईरान और अन्य पश्चिम एशियाई देशों के अनुरोध के बाद सैन्य कार्रवाई को रोकने पर सहमत हो गया। उन्होंने कहा, "इस अनुरोध के आधार पर मैं दुनिया के भविष्य के लाभ और एक सफल एवं समृद्ध ईरान के अस्तित्व के लिए हमले को रद्द करने पर सहमत हुआ हूं, बशर्ते कि जल्द ही कोई समझौता हो सके।" उन्होंने कहा कि प्रस्तावित समझौते में 'होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत, पूरी तरह से और हर तरह से खोलने तथा ईरान के परमाणु खतरे को खत्म करने' की बात शामिल है।श्री ट्रंप ने कहा कि इजरायल भी इस समझौते को आगे बढ़ाने में अमेरिका के साथ शामिल हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित