नयी दिल्ली , अप्रैल 14 -- पश्चिम एशिया में निरंतर बदलती स्थिति के मद्देनजर सरकार ऊर्जा आपूर्ति सहितविभिन्न क्षेत्रों में वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए करीबी नजर बनाये हुए है और सभी जरूरी कदम उठा रही है।

सरकार की ओर से मंगलवार को बताया गया कि विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों और छात्रों को राहत पहुंचाने के लिए अब तक पांच किलोग्राम के 14.3 लाख से अधिक एफटीएल सिलेंडर बेचे गए हैं।

पिछले महीने से अब तक लगभग 4.40 लाख पीएनजी कनेक्शन चालू किए गए हैं और 4.88 लाख अतिरिक्त उपभोक्ताओं ने नए कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराया है।

मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति के बावजूद सरकार ने घरेलू एलपीजी, घरेलू पीएनजी और सीएनजी (परिवहन) को 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की है। व्यावसायिक एलपीजी के लिए अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा, फार्मा, इस्पात, ऑटोमोबाइल, बीज, कृषि आदि क्षेत्रों को भी प्राथमिकता प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त, प्रवासी मजदूरों के लिए 5 किलोग्राम एफटीएल की आपूर्ति भी औसत दैनिक आपूर्ति के आधार पर दोगुनी कर दी गई है।

एलपीजी की जमाखोरी और काला बाज़ारी पर रोक लगाने के लिए देशभर में प्रवर्तन कार्यवाही जारी है और सोमवार को देशभर में 2,950 से अधिक छापे मारे गए। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने आकस्मिक निरीक्षण को मजबूत और जारी रखा है तथा 232 एलपीजी वितरकों पर दंड लगाया है, और कल तक 56 एलपीजी वितरकों को निलंबित किया गया है।

सरकार ने कहा है कि एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है लेकिन देश में एलपीजी वितरकों पर किसी भी प्रकार की आपूर्ति समाप्त होने (ड्राई-आउट) की सूचना नहीं मिली है। सोमवार को भी ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग 98 प्रतिशत रही। घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की डिलीवरी बुकिंग के अनुसार सामान्य बनी हुई है।

देश भर में बंदरगाह संचालन सामान्य रूप से जारी हैं, किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ की सूचना नहीं है।

विदेश मंत्री ने कुवैत, इज़राइल, सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया के समकक्षों के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की है। इसके अलावा भारतीय मिशन और दूतावास भारतीय नागरिकों के लिए चौबीसों घंटे हेल्पलाइन और सक्रिय सहायता प्रदान करना जारी रखे हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित