नयी दिल्ली , मार्च 17 -- विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सरकार पश्चिम एशिया में संकट के कारण वहां विकसित हो रही स्थिति और उसके भारतीय नागरिकों पर प्रभाव को लेकर लगातार नजर बनाए हुए है और अब तक 2 लाख 44 हजार यात्री इस क्षेत्र से स्वदेश लौट चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अन्य मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा," विदेश मंत्रालय पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में विकसित हो रही स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है। भारतीय समुदाय की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। "उन्होंने कहा, "28 फरवरी से अब तक लगभग 2,44,000 यात्री इस क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं। 16 मार्च को यूएई से भारत के लिए लगभग 55 उड़ानें संचालित हुईं, और आज लगभग 70 उड़ानों की उम्मीद है।" उन्होंने कहा कि कतर का हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खुला है, जबकि कुवैत का हवाई क्षेत्र बंद है। संचालन और सुरक्षा के आधार पर विशेष उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित