रायपुर , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ में शनिवार शाम से ही मौसम ने करवट ली एक तरफ जहां प्रदेश के महासमु जिले में तेज़ आंधी तूफान के साथ बारिश हुई वहीं राजधानी रायपुर में भी रात 8 बजे से बारिश शुरू हुई जो कुछ देर बस बरसकर थम गई ।
मौसम विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान और उससे लगे क्षेत्रों में ऊपरी हवा के चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में 3.1 किलोमीटर से 9.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से क्षेत्र में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
इसके साथ ही एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बिहार से मणिपुर तक उप-हिमालयीन पश्चिम बंगाल, उत्तर बांग्लादेश, मेघालय और दक्षिण-पूर्व असम होते हुए लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। वहीं, छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भी 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
इसके अलावा एक अन्य द्रोणिका मराठवाड़ा से दक्षिण तमिलनाडु तक विस्तारित है, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 7 अप्रैल 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित