मुंबई , अप्रैल 08 -- पश्चिमी महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम के तहत श्री समरजीतसिंह घाटगे ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में वापसी कर ली है। इससे शरद पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

श्री घाटगे ने बुधवार सुबह मुंबई स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण भी मौजूद रहे।

कोल्हापुर जिले की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा माने जाने वाले श्री घाटगे पहले भाजपा से जुड़े थे, लेकिन बाद में शरद पवार गुट वाली एनसीपी में शामिल हो गये थे।

विश्लेषकों के अनुसार, यह कदम पश्चिमी महाराष्ट्र में भाजपा के विस्तार की रणनीति को मजबूत करेगा, जहां लंबे समय से शरद पवार का प्रभाव रहा है। वहीं, इससे विपक्षी खेमे में दरार और संभावित टूट की आशंकाएंभी बढ़ गयी हैं।

श्री घाटगे ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कागल सीट से वरिष्ठ नेता हसन मुशरिफ के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि वह जीत नहीं सके, लेकिन इस मुकाबले ने क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को तेज कर दिया था और उन्हें एक मजबूत चुनौतीकर्ता के रूप में स्थापित किया।

उनकी वापसी से पश्चिमी महाराष्ट्र में भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जबकि शरद पवार गुट के लिए यह कैडर और जनाधार में संभावित कमजोरी का संकेत माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित