बेतिया , जुलाई 14 -- पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने मंगलवार को जिले से लगी भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी श्री सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में मादक पदार्थ कानून प्रवर्तन समन्वय (एनसीओआरडी) से संबंधित जिला स्तरीय समिति तथा भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

इस बैठक में 'नो-मैन्स लैंड' पर अतिक्रमण, फर्जी आधार कार्ड के उपयोग की रोकथाम, भारतीय एवं दोहरी नागरिकता से जुड़े मामलों, वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम, जाली भारतीय मुद्रा की तस्करी, साइबर फ्रॉड, अवैध दूरसंचार गतिविधियों, म्यूल अकाउंट एवं संदिग्ध बैंक खातों की निगरानी, क्षतिग्रस्त एवं गायब सीमा स्तंभों की मरम्मत और पुनर्स्थापन, संदिग्ध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच तथा आर्थिक एवं वित्तीय गतिविधियों की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा, सतर्कता और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि तस्करी, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल, जाली भारतीय मुद्रा, साइबर अपराध तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए समन्वित एवं सतत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित