बेतिया , जुलाई 28 -- िहार में पश्चिम चंपारण जिले के पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान 93 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी)कुमार गौतम ने बताया कि सोमवार की शाम सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से गांजा की बड़ी खेप एक वाहन से लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर सैनिक रोड पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन से 11 पैकेट में रखा कुल 92.693 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने वाहन चालक नवलपुर थाना क्षेत्र के निमुइया निवासी राजकुमार कुशवाहा को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी ने बताया कि इस संबंध में पुरुषोत्तमपुर थाना में एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित