बेतिया , सितम्बर 18 -- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के दौरान सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी ) और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर भगवान गौतम बुद्ध की करीब 7.705 किलोग्राम वजनी धातु की प्रतिमा बरामद की है।44वीं वाहिनी एसएसबी, नरकटियागंज के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ई समवाय मगुराहा की टीम ने आसूचना के आधार पर गुरूवार की देर शाम यह कार्रवाई की।
एसएसबी सूत्रों ने शुक्रवार को बताया किअंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 441 से करीब 6.2 किलोमीटर अंदर भारतीय क्षेत्र में एसएसबी के निरीक्षक/सामान्य अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में एसएसबी और बिहार पुलिस की संयुक्त रात्रि गश्ती चल रही थी।इसी दौरान मगुराहा सैनिक रोड की ओर से एक स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिये। संदेह के आधार पर दोनों को रोककर स्कूटी की तलाशी ली गयी। स्कूटी की सीट के नीचे रखे एक थैले से धातु से निर्मित भगवान गौतम बुद्ध की बहुमूल्य प्रतिमा बरामद हुई। प्रतिमा का वजन करीब 7.705 किलोग्राम बताया गया है। तलाशी के दौरान दो मोबाइल फोन भी जब्त किये गये।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रामनगर थाना क्षेत्र के कनघूसरी गांव निवासी साहिद अंसारी तथा रामनगर थाना क्षेत्र के सबुनी गांव निवासी सुद्दू खान रूप में हुई है।दोनों आरोपित प्रतिमा को बेचकर मोटी रकम कमाने की फिराक में थे। जब्त प्रतिमा, स्कूटी और मोबाइल फोन समेत दोनों आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए गौनाहा पुलिस थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित