बेतिया , अगस्त 24 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने सोमवार को 142 किलो गांजा बरामद कर बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सूचना मिली थी कि गांजा की बड़ी खेप बोलेरो से चनपटिया के रास्ते ले जायी जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना गेट के समीप बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गयी। वाहन में अलग-अलग पैकेट में छिपाकर रखा गया 142 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने बोलेरो को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान कुमारबाग थाना क्षेत्र के रमपुरवा वार्ड संख्या छह निवासी निर्मल कुमार सिंह, पिता बृजभूषण सिंह के रूप में हुई है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 56 लाख रुपये बतायी गयी है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। पुलिस खेप के स्रोत और इसके गंतव्य के साथ ही तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित